व्यापार समझौते की स्पष्ट तस्वीर अगले दो दिनों में सामने आ जाएगी: शरद पवार

बारामती, चार फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) प्रमुख एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने बुधवार को कहा कि नयी अमेरिकी शुल्क नीति में भारत में कृषि उत्पादों के निर्यात की अनुमति देने वाले प्रावधान शामिल हैं, जो भारतीय किसानों के लिए चिंता का एक विषय है।

शरद पवार ने बारामती में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत-अमेरिका के हालिया व्यापार समझौते की स्पष्ट तस्वीर अगले दो दिनों में सामने आ जाएगी।

राज्यसभा सदस्य पवार ने कहा, ‘तस्वीर साफ होने के बाद ही हम कुछ कह सकते हैं। हालांकि, अमेरिका द्वारा घोषित भारत-अमेरिका शुल्क समझौते में एक प्रावधान है जो भारत में कृषि निर्यात करने की इजाजत देता है, जो भारतीय किसानों और घरेलू कृषि क्षेत्र के लिए चिंता की बात है।’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका एक शक्तिशाली अर्थव्यवस्था है और वहां से बड़े पैमाने पर कृषि निर्यात अन्य देशों के स्थानीय उत्पादकों को नुकसान पहुंचा सकता है। मुझे उम्मीद है कि भारतीय कृषि क्षेत्र की रक्षा की जाएगी..।’’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *