निजी पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री सीमित, Jio-BP ने तय की 50 लीटर की सीमा

अगर आपकी गाड़ी में बड़ी मात्रा में डीजल की जरूरत पड़ती है तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों के बीच कुछ निजी ईंधन कंपनियों ने अपने पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री सीमित कर दी है। जानकारी के मुताबिक, Jio-BP ने अपने कई आउटलेट्स पर एक ग्राहक को एक बार में अधिकतम 50 लीटर डीजल देने की सीमा तय की है। इसके अलावा कुछ आउटलेट्स की रोजाना डीजल बिक्री को भी करीब 6,000 लीटर तक सीमित किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, इन पंपों पर पहले रोजाना औसतन करीब 11,000 लीटर डीजल की बिक्री होती थी। इसी तरह Nayara Energy के कुछ पेट्रोल पंपों पर भी ग्राहकों के लिए डीजल की मात्रा सीमित की गई है। अलग-अलग आउटलेट्स पर यह सीमा करीब 70 से 200 लीटर के बीच बताई जा रही है। सरकारी पेट्रोल पंपों पर फिलहाल ऐसी पाबंदी नहीं

वहीं, IOCL, HPCL और BPCL जैसी सरकारी तेल कंपनियों की ओर से उनके पेट्रोल पंपों पर ऐसी कोई सामान्य डीजल सीमा लागू किए जाने की जानकारी नहीं दी गई है। देश के अधिकांश फ्यूल स्टेशन इन्हीं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों द्वारा संचालित किए जाते हैं, इसलिए निजी कंपनियों द्वारा की गई इस सीमित बिक्री का असर सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से नहीं पड़ेगा। हालांकि, लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहनों के लिए कुछ इलाकों में परेशानी हो सकती है। खासकर ऐसे हाईवे और ग्रामीण क्षेत्र, जहां निजी कंपनियों के पेट्रोल पंप आसानी से उपलब्ध हैं और आसपास सरकारी तेल कंपनियों के विकल्प कम हैं। फिलहाल डीजल की बिक्री पर लागू यह सीमा सभी पेट्रोल पंपों पर नहीं है, बल्कि कुछ निजी कंपनियों के चुनिंदा आउटलेट्स पर लागू होने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *