सीजेपी के प्रदर्शन में बीबीसी के संवाददाताओं ने क्या देखा?

दिल्ली में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान दिनभर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान चलती रही. सुबह से ही जंतर-मंतर और आसपास के इलाक़ों में भारी बैरिकेडिंग थी. बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात थे. सीजेपी ने लोगों को प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर पर आने की अपील की थी.

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों को हिरासत में लिया जा रहा था. कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचातानी भी हुई. प्रदर्शन में शामिल होने मुंबई से दिल्ली आए कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके और उनके साथी सौरव दास और आशुतोष रांका को एयरपोर्ट से ही हिरासत में ले लिया गया. वहीं, हिरासत में लिए गए कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस बस का इमरजेंसी गेट खोलकर भागने में कामयाब रहे.

दोपहर में मशहूर अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज भी जंतर-मंतर के पास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां धरने पर नहीं बैठने दिया. दिनभर की कार्रवाई के बावजूद शाम तक कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास प्रदर्शनकारी दिखाई देते रहे. वे छोटे-छोटे समूहों में पहुंच रहे थे और पुलिस के आने पर वहां से हट जा रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *