महाराष्ट्र के पुणे स्थित हिंजवड़ी में प्रेम संबंधों का दर्दनाक अंत हो गया। शादी करने की तैयारी कर रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि प्रेमिका की मौत के बाद आरोपी पूरी रात उसके शव के पास बैठा रहा। अगले दिन उसने खुद पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर हत्या की बात कबूल की।
मृतका की पहचान कोमल डहाके के रूप में हुई है, जबकि आरोपी प्रेमी शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे है। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। शुभम हिंजवड़ी स्थित इन्फोसिस कंपनी में काम करता था, जबकि कोमल विप्रो में नौकरी करती थी। दोनों पिछले दो से तीन साल से एक साथ रह रहे थे। उनके प्रेम संबंधों की जानकारी दोनों परिवारों को थी और शादी के लिए भी परिवारों की सहमति मिल चुकी थी।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। कोमल को शक था कि शुभम का किसी दूसरी लड़की से प्रेम संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर शुभम ने कोमल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने कोमल के सिर और गले पर लात-घूंसों से हमला किया। गंभीर चोट लगने से कोमल बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई।