जालंधर, मनसूरिया कुंगफू इंटरनेशनल एसोसिएशन की ओर से 9वीं राज्य स्तरीय इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 का आयोजन डीएवी ऑडिटोरियम, जालंधर में किया गया। प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में आयोजित इन मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, हौसले और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।
कराटे, किक बॉक्सिंग और कुंगफू मार्शल आर्ट के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर अपने-अपने स्कूलों तथा कोचों का नाम रोशन किया।
एसोसिएशन के मास्टर सिफू टी.के. नरजरी ने बताया कि खिलाड़ियों द्वारा गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक हासिल करना उनकी लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। खिलाड़ियों की मेहनत और लगन को देखते हुए उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, जिसे उन्होंने पदक जीतकर सच साबित कर दिखाया। इन खिलाड़ियों ने न केवल अपने माता-पिता और कोच का मान बढ़ाया, बल्कि अपने स्कूलों का नाम भी खेलों के क्षेत्र में ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर डीएसओ गुरप्रीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं या फिर मोबाइल फोन पर ही अपना अधिकांश समय व्यतीत कर रहे हैं।