पाकिस्तान ने भारत को लौटाया बीएसएफ जवान, वाघा-अटारी बॉर्डर से हुई वतन वापसी

भारत-पाकिस्तान के तनाव के बीच बीएसएफ जवान पीके शॉ की वतन वापसी हो गई है. पाकिस्तान ने उन्हें भारत को लौटा दिया है. पीके शॉ 23 अप्रैल को गलती से पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे. इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सेना ने गिरफ्तार कर लिया था. पीके शॉ को 20 दिनों के बाद रिहा किया गया है.

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने पीके शॉ की वापसी को लेकर प्रेस रिलीज जारी की है. बीएसएफ ने बताया, ”आज बीएसएफ के जवान कॉन्स्टेबल पूर्णम कुमार शॉ अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत आ गए हैं. पूर्णम 23 अप्रैल 2025 को ड्यूटी के दौरान गलती से पाकिस्तानी सीमा में चले गए थे.” पीके शॉ उस वक्त पाक सीमा में जा पहुंचे जब दोनों ही देशों के बीच के हालात बिगड़ने लगे. भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को काफी नुकसान हुआ, हालांकि इसका पीके शॉ की रिहाई पर असर नहीं पड़ा.

बीएसएफ जवान पीके शॉ पंजाब के फिरोजपुर बॉर्डर से पाकिस्तान की सरहद में चले गए थे. वे मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. पीके शॉ की पत्नी रजनी साहू इस मामले को लेकर काफी परेशान चल रही थीं. वे पति की रिहाई के लिए चंडीगढ़ पहुंच गई थीं. उन्होंने यहां बीएसएफ के अधिकारियों से मुलाकात की थी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *