जालंधर, पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज बस्ती दानिशमंदा में श्री गुरु रविदास महाराज जी को समर्पित गेट के निर्माण के लिए नींव पत्थर रखा । स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज (पठानकोट वाले) की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर की सुंदरता को बढ़ाना और श्रद्धालुओं को एक शानदार सौगात देना है।
एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि इस विशाल समारोह को मनाने के लिए प्रदेश भर में करोड़ों रुपये की राशि जारी की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने राज्य स्तरीय प्रोग्रामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि इनमें जिला स्तरीय कीर्तन दरबार, श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और दर्शन को दर्शाते ड्रोन शो तथा 12,000 से अधिक गांवों में दस्तावेजी फिल्मों का प्रदर्शन शामिल है। इसके अलावा गुरु जी की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए गांव बल्लां में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ भी स्थापित किया जा रहा है।
इससे पहले स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री के प्रयासों की सराहना की और 650वें प्रकाश पर्व को इतने बड़े स्तर पर मनाने के प्रति प्रदेश सरकार की वचनबद्धता की प्रशंसा की।