नई दिल्ली, इस बार फ्लिपकार्ट का बिग बिलियन सेल (Big Billion Day Sale) 23 सितंबर से शुरू हुआ. सेल के स्टार्ट होने से पहले ही Apple का iPhone 13 सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ था. कयास लग रहे थे कि फोन 50 हज़ार रुपये से कम में मिल सकता है. हुआ भी ऐसा. आईफोन 13 का 128 जीबी मॉडल कई लकी यूजर्स को 40 हजार तक में मिल गया. पर अब कई सारे यूजर्स को ऑर्डर कैंसिल होने के मैसेज आ रहे हैं
ऐसा भी नहीं है कि ये पहली बार हुआ है. ई-कॉमर्स वेबसाइट का पिछला रिकॉर्ड भी ऐसा ही रहा है. कुछ साल पहले जब मैंने फ्लिपकार्ट से iPhone 11 प्रो मैक्स ऑर्डर किया तो पहले अलग-अलग डेट बताई गई और फिर फाइनली ऑर्डर कैंसिल कर दिया गया. सेलर्स बिना किसी कारण के ऑर्डर कैंसिल कर देते हैं और फ्लिपकार्ट की तरफ से कोई कारण नहीं बताया जाता है.
एक बात और, कोई एक सेलर ऐसा कर रहा हो वो भी नहीं. बल्कि अलग-अलग विक्रेता ऐसा करते दिख रहे हैं. बात सिर्फ ऑर्डर कैंसिल तक सीमित नहीं है. आईफोन 13 की उपलब्धता भी अचानक से कम हो गई है. आईफोन का बेस मॉडल जो 128 जीबी का है, वो अब उपलब्ध नहीं है. ऐसा सिर्फ एक डिलेवरी लोकेशन पर नहीं बल्कि देश की बाकी लोकेशन पर भी हो रहा है. इन सब घटनाओं पर कंपनी का जवाब भी आया है. Lallantop को भेजे मेल में कंपनी ने कहा कि कुल ऑर्डर के 70 प्रतिशत आईफोन की डिलीवरी हो चुकी है. सिर्फ 3 प्रतिशत ऑर्डर ऐसे हैं जो कैंसिल हुए हैं. लेकिन कंपनी ने कुल ऑर्डर और कैंसिल हुए ऑर्डर का आंकड़ा अभी तक नहीं बताया है.