जालंधर, 7 जुलाई : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा चलाई गईं 3 डॉक्यूमेंट्री वैनों को जिले के विभिन्न गांवों के लिए स्थानीय रेड क्रॉस भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह वैनें गांव-गांव जाकर लोगों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित करवाएंगी। उन्होंने कहा कि इन वैनों के जरिए गुरु जी के सर्व साझीवाला, बराबरी, सामाजिक न्याय और विश्व भाईचारे के शाश्वत संदेश को घर-घर पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. वी. मौजूद थी।
उन्होंने बताया कि जालंधर जिले में आज तीन वैनों को रवाना किया गया है, जो पहले नकोदर, करतारपुर और आदमपुर सब डिवीजन के गांवों में जाएंगी और हर वैन के माध्यम से रोजाना दो गांवों में यह विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी।