यूपी में IAS दिव्‍या मित्‍तल ने दिया त्‍यागपत्र, लंबा-चौड़ा पोस्‍ट लिखकर बोलीं- 13 साल की यात्रा को दे रही विराम

लखनऊ, यूपी की 2013 बैच की अफसर दिव्‍या मित्‍तल ने रविवार को इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (आईएएस) से त्‍यागपत्र दे दिया। सोशल मीडिया पर लंबे-चौड़े पोस्‍ट के माध्‍यम से दिव्‍या मित्‍तल ने इस बात की जानकारी दी है। वह इस समय राजस्‍व विभाग में विशेष सचिव पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह देवरिया में डीएम पद संभाल रही थीं। वह मिर्जापुर की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। अपने काम की वजह से जनता के मन में उन्‍होंने एक खास मुकाम बनाया था।

अपने X हैंडल पर दिव्‍या मित्‍तल ने लिखा है- आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है। साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी। पर ‘सब कुछ’ पा लेने पर भी कुछ अधूरा था। अपने देश में न होना खलता था। मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत सब इस मिट्टी का कर्ज़ था मुझ पर। वो कर्ज चुकाना था। चाहती थी जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों। सो लौट आई, और IAS अधिकारी बनने का सौभाग्य मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *