आगरा। घर और परिवार नहीं छूटे, इसलिए बेटे ने राजधानी के मेडिकल कॉलेज का विकल्प छोड़ दिया था। वह परिवार के साथ रहना चाहता था। सोचा नहीं था बेटा इस तरह छोड़कर चला जाएगा। यह कहते हुए मेडिकल छात्र सिद्ध के पिता राजेश अग्रवाल फफक पड़े। बेटे का शव घर पहुंचते ही स्वजन बेसुध हो गए। घर में उनकी चीत्कार गूंजने लगी। आस पड़ोस के लोगों व रिश्तेदारों ने उन्हें ढांढस बंधाया। ताजगंज श्मशान घाट पर मेडिकल कालेज के छात्र का अंतिम संस्कार किया गया।
नेशनल हाईवे पर आईएसबीटी के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में विमल वाटिका कमला नगर निवासी कारोबारी राजेश अग्रवाल के बेटे व एसएन मेडिकल कालेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र सिद्ध व तनिष्ठ पुत्र अरविंद गुप्ता निवासी आवास विकास कॉलोनी हरदोई की मृत्यु हो गई थी।