अभिनेता संजय दत्त को लेकर बीते दिनों खबर आई कि वो फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित हैं। मालूम हो कि कल (11 अगस्त) ही संजय दत्त ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह जानकारी दी थी कि वो अपने मेडिकल ट्रीटमेंट के चलते कुछ समय के लिए काम से ब्रेक ले रहे हैं। उस ट्वीट के बाद फैंस की चिंता बढ़ गई थी। अब इसके बाद संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त ने उनकी हेल्थ को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। मान्यता ने कहा कि हमें फैंस की दुआओं की जरूरत है। साथ ही साथ मान्यता दत्त ने अपील की है कि एक्टर को लेकर कोई अफवाह ना फैलायी जाए। मालूम हो कि संजय दत्त और मान्यता दत्त ने साल 2008 में गोवा में हिंदू रीति- रिवाज से शादी की थी। दोनों के दो जुड़वां बच्चे हैं। इनके बेटे का नाम शहरान और बेटी इकरा दत्त है।मान्यता दत्त ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि मैं सभी को धन्यवाद देती हूं जिन्होंने संजू के शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। हमें इस वक़्त को पार करने के लिए ताकत और प्रार्थना की जरूरत है। पिछले वर्षों में परिवार बहुत कठिन समय से गुजरा है, लेकिन मुझे विश्वास है, यह भी गुजर जाएगा। साथ ही, यह संजू के प्रशंसकों से मेरा दिल से अनुरोध है कि वे अटकलों और अनुचित अफवाहों पर विश्वास न करे, बल्कि अपने प्यार, गर्मजोशी और समर्थन से मदद करें।