आजम-अखिलेश की मुलाकात से पहले ओपी राजभर का बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आजम खान से जेल में मुलाकात करने को लेकर निशाना साधा है. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की इस मुलाकात का मकसद चुनावी दिखावा करना और आजम खान के जरिए मुस्लिम वोट हासिल करना है. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय अब अखिलेश यादव से मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करने की मांग कर रहा है और ऐसा होने पर ही उन्हें मुस्लिम समुदाय के वोट मिलेंगे.

राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान को जेल भिजवाने के पीछे अखिलेश यादव की भूमिका थी. दरअसल, अखिलेश यादव आज रामपुर जिला कारागार में आजम खान से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात के लिए करीब 45 मिनट का समय निर्धारित है. इससे पहले अखिलेश यादव के स्वागत में शहर में पोस्टर लगाए गए हैं और जेल के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई है. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

जेल से निकलने के बाद अखिलेश यादव आजम खान के घर जाकर उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे. इसके बाद वह जौहर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना होंगे. इस मुलाकात को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *