जालंधर,जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए उदेश्य से बस्ती पीर दाद में लगाए रोजगार मेले दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा 91 युवाओं को नौकरियों के लिए शार्टलिस्ट किया गया।
इस दौरान लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू ने मेगा रोजगार मेले का उद्घाटन किया।
जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो द्वारा लगाए रोजगार मेले के दौरान, 125 युवाओं ने विभिन्न नौकरियों के लिए आवेदन किया, जिनमें पेटीएम सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी इंडिया, एचडीएफसी बैंक, फोनपे, एक्सिस बैंक, सोलर फर्स्ट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, की टू सक्सैस सहित प्रमुख कंपनियों द्वारा 91 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया।
नौकरी पाने वाले युवाओं की प्रशंसा करते हुए लोकसभा सांसद ने कहा कि यह उनके लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि वह अपने जीवन में एक नई शुरूआत करने जा रहे है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए आने वाले दिनों में इस प्रकार के अन्य रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।
श्री रिंकू ने कहा कि जिला प्रशासन पहले से ही युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए प्रमुख औद्योगिक इकाइयों और अग्रणी उद्यमियों को भागीदार बनाने के लिए यत्नशील है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के निर्देश पर राज्य के हर युवा को नौकरी उपलब्ध करवाने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।