अहमदाबाद, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों छह विकेटों से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय क्रिकेट टीम ने फाइनल से पहले पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त परफॉर्मेंस दिखाई थी और सभी मैचों में शानदार जीत दर्ज की थी। ऐसे में देश के करोड़ों क्रिकेट फैन्स को पूरी उम्मीद थी कि इस बार का वर्ल्ड कप टीम इंडिया ही जीतने वाली है। लेकिन फाइनल मुकाबले के बाद 140 करोड़ से ज्यादा भारतीयों के दिल टूट गए। फैन्स काफी मायूस नजर आए। कुछ तो अपनी आंखों से आंसू तक नहीं रोक सके। वहीं, रोहित शर्मा समेत टीम इंडिया के खिलाड़ी भी इमोशनल नजर आए।
सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त देने के बाद से लोग फाइनल पर टकटकी लगाए बैठे हुए थे, लेकिन फाइनल जीतने का सपना टूट गया। क्रिकेट फैन्स कैमरे पर रोते दिखे। आंखों में आंसू लिए टीम इंडिया के एक फैन इरशाद ने कहा कि उम्मीद टूट गई। उन्होंने टीम इंडिया को आगे के लिए ऑल द बेस्ट भी कहा। एएनआई से बात करते हुए इरशाद ने कहा, ”अपनी टीम है फिर क्या बोला जाए। सभी अपने ही हैं। टीम इंडिया से भरोसा नहीं टूटा है। हमेशा से ही भरोसा था और आगे भी रहेगा। कभी सपोर्ट नहीं छोड़ना चाहिए। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका भी नहीं फाइनल में पहुंच पाए। यह सब होता रहता है। दिल तो टूटता है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन दिल टूट गया है। अगले साल टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है और उसमें भी सपोर्ट रहेगा।”