जालंधर,(विशाल)-ट्रेनों का संचालन शुरू होते ही पंजाब रोडवेज की कमाई में गिरावट दर्ज होनी शुरू हो गई है। किसान आंदोलन के दौरान ट्रेनों का आवागमन बंद रहने के चलते पंजाब रोडवेज को भारी संख्या में यात्री मिल रहे थे, जिससे रोडवेज अच्छी खासी कमाई कर रही थी। कुछ दिन पहले ही बेहद कम संख्या में यात्री ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ है, लेकिन इसी ने पंजाब रोडवेज की कमाई में कमी ला दी है। सर्दी के मौसम में यात्री बेहद कम संख्या में चल रही ट्रेनों में ही सफर करने को अधिमान देने लगे हैं।पंजाब रोडवेज की कमाई कम होने की मुख्य वजह यह है कि पंजाब रोडवेज दिल्ली तक बसों का ऑपरेशन नहीं चला पा रही है और प्रदेश भर में रात्रि के समय कर्फ्यू लागू हो जाने के चलते रात्रि बस सेवा भी बंद पड़ी हुई है। हालांकि पंजाब रोडवेज की अफसरशाही को यह चिंता सताने लगी है कि जब ट्रेन पूरी संख्या में चलनी शुरू हो जाएंगी फिर तो पंजाब रोडवेज की बसों की प्रति किलोमीटर कमाई में और गिरावट आएगी पंजाब रोडवेज जालंधर के जनरल मैनेजर नवराज बातिश ने ट्रेनों का आवागमन शुरू होने के बाद पंजाब रोडवेज की प्रति किलोमीटर कमाई में गिरावट आने की बात को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ट्रेनों का आवागमन शुरू हुए कुछ ही दिन हुए हैं।