वॉशिंगटन, चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण दुनिया की सबसे अनोखी घटनाओं में से एक हैं. इंसानों को हमेशा इसमें दिलचस्पी रही है. आज रात ऐसा ही एक चंद्र ग्रहण लगने वाला है. यह बेहद दुर्लभ है, क्योंकि 2022 के बाद पहली बार पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा. इसे ब्लड मून भी कहा जाता है जो उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका में दिखाई देगा. सभी चरणों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा. यह चंद्र ग्रहण पांच घंटे तक चलेगा, जिसमें चंद्रमा पृथ्वी की छाया से गुजरेगा और 65 मिनट तक लाल रंग का चंद्रमा दिखेगा.
पूर्ण चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और पूर्णिमा के चंद्रमा के बीच सीधे आ जाती है, जिससे ग्रह की सबसे गहरी छाया यानी अंब्रा चंद्रमा की सतह को ढक लेती है. पृथ्वी के वायुमंडल से होकर पहुंचने वाली रोशनी ही चांद तक जा पाती है. टाइम एंड डेट के मुताबिक स्थानीय समय के मुताबिक चंद्र ग्रहण पांच चरणों में होगा, जो रात 11:57 बजे से सुबह 6:00 बजे तक चलेगा. भारतीय समय के मुताबिक 14 मार्च सुबह 9:27 बजे से दोपहर 3:30 तक चलेगा. पहला चरण तब शुरू होगा जब चंद्रमा पृथ्वी की धुंधली बाहरी छाया में प्रवेश करेगा और अपनी चमक खो देगा. फिर यह अंब्रा में प्रवेश करेगा और धीरे-धीरे लाल रंग का हो जाएगा.
क्या भारत में भी दिखेगा?
भारत में जो भी लोग चंद्र ग्रहण को देखना चाहते हैं उन्हें निराश होना पड़ेगा. क्योंकि यह भारत में नहीं दिखने वाला. हालांकि यूट्यूब पर आप लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए इसे देख सकते हैं.