राष्ट्रीय राजधानी के महिपालपुर में एक होटल ब्रिटिश महिला से कथित तौर पर बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को बुधवार सुबह 5 से 6 बजे के बीच एक अस्पताल से घटना के बारे में PCR कॉल मिली. स्थानीय पुलिस स्टेशन की एक टीम अस्पताल पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया.
पुलिस ने बताया कि महिला इस साल फरवरी में इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी के संपर्क में आई थी. वह 7 मार्च को भारत आई और 11 मार्च को दिल्ली आने से पहले गोवा भी गई. उसने महिपालपुर के एक होटल में कमरा बुक किया था, जहां वह इंस्टा पर दोस्त बने कैलाश से मिली. पुलिस ने बताया कि कैलाश जब युवती से मिलने होटल पहुंचा तो उसने शराब पी रखी थी. इसके बाद उसने होटल में महिला से रेप किया. वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस ने ब्रिटिश हाईकमीशन को घटना की सूचना दे दी है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी कैलाश पूर्वी दिल्ली में रहता है. उसे रील बनाकर इंस्टग्राम पर डालने का शौक है. कुछ महीने पहले उसकी लंदन में रहने वाली युवती से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हो गई. कुछ दिन पहले युवती महाराष्ट्र व गोवा घूमने आई थी. वहां से उसने कैलाश को फोन किया और मिलने के लिए बुलाया. कैलाश ने वहां जाने में असमर्थता जताई और युवती को दिल्ली आने के लिए कहा. युवती दिल्ली आई और महिपालपुर के एक होटल में ठहरी थी.
युवती के बुलाने पर कैलाश अपने दोस्त वसीम को लेकर होटल में पहुंच गया. वहां उसने शराब पी और खाना खाया. इसके बाद बात करते-करते होटल के कमरे में चले गए. फिर आरोपी ने युवती की मर्जी के बिना उसके साथ बलात्कार किया. इस घटना के बाद युवती चिल्लाने और हंगामा करने लगी. कैलाश ने वसीम को कमरे में बुलाकर युवती को समझाने व शांत करने की कोशिश की. इसके बाद युवती रात में सो गई और बुधवार सुबह खुद अस्पताल पहुंच गई.
उसने अस्पताल में अपनी मेडिकल जांच कराई. अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद वसंतकुज, नॉर्थ थाना पुलिस ने कैलाश और उसके दोस्त वसीम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि आरोपी का प्रोफाइल काफी लो है और वह ज्यादा पढ़ा लिखा भी नहीं है. पीड़िता से बात करने के वह लिए गूगल ट्रांसलेट का सहरा लेता था.