होटल में रह रहा था प्रेमी जोड़ा पुलिस ने करवा दी शादी, दूल्हा बोला- मेरे साथ बहुत गलत हुआ

बिहार की राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक होटल में पिछले कई दिनों से रह रहे प्रेमी जोड़े को पुलिस थाने लेकर आई, जिसके बाद थाना परिसर में स्थित मंदिर में ही दोनों की शादी करा दी गई. हालांकि, इस शादी के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. दूल्हा बने युवक ने नाराजगी जताते हुए पुलिस पर जबरन शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया है. उसका कहना है कि युवती अपनी मर्जी से उसके साथ रह रही थी और इस शादी के जरिए उसके साथ गलत हुआ है. वहीं, दूसरी ओर दुल्हन बनी युवती बेहद खुश है. उसका कहना है कि दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और इस शादी ने उनके रिश्ते को एक पवित्र बंधन में बदल दिया है. दरअसल, नवादा का रहने वाला यह प्रेमी युगल करीब एक सप्ताह पहले अपने घर से भागकर पटना आया था. बुधवार सुबह जक्कनपुर पुलिस ने लड़की के परिजनों की मदद से दोनों को मीठापुर पुराने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल से बरामद किया. इसके बाद पुलिस दोनों को जक्कनपुर थाने लेकर आई, जहां कुछ ही देर में दोनों के परिवारवाले भी पहुंच गए.

थाने के भीतर करीब चार घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. युवक किसी भी कीमत पर शादी के लिए तैयार नहीं था. वहीं लड़की पक्ष का तर्क था कि जब युवक उनकी बेटी के साथ इतने दिनों तक होटल में रह चुका है, तो अब उससे कोई और शादी नहीं करेगा. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच थाने में ही तीखी बहस होती रही. अंततः पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाकर शादी का फैसला लिया गया.

शादी की रस्में पूरी होने के तुरंत बाद प्रेमी राजेश ने हंगामा शुरू कर दिया. राजेश दिल्ली में पढ़ाई करने के साथ-साथ नौकरी भी करता है. राजेश के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात रानीपुर की रहने वाली सविता से हुई थी. उसने दावा किया कि सविता खुद उससे मिलने पटना आई थी और वे मर्जी से साथ थे.

इसके उलट सविता ने बताया कि वह पढ़ाई करती है और राजेश से उसकी मुलाकात करीब पांच साल पहले राजेश की बहन और जीजा ने कराई थी. सविता ने कहा कि राजेश ही उसे घर से भगाकर पटना लाया था, जहां वे सोमवार से पटना जंक्शन के पास एक कमरे में रह रहे थे. सविता इस शादी से पूरी तरह संतुष्ट है.

थाने परिसर से बिल्कुल सटे मनोकामना मंदिर के पुजारी विद्याधर शुक्ला ने इस विवाह को संपन्न कराया. पुजारी ने बताया कि थाने से सूचना मिलने के बाद उन्होंने दोनों बालिग युवक-युवती का विवाह कराया. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और परिजनों की सहमति व मौजूदगी में ही विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *