महाकुंभ, प्रयागराज में रविवार को महाकुंभ मेले के मार्गों पर कई किलोमीटर तक टैफिक जाम नजर आया. प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन के बाहर बहुत ज्यादा भीड़ होने से स्टेशन बंद कर दिया गया. मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया. 13 जनवरी से नौ फरवरी तक 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं.
इसको लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रिएक्शन दिया. उन्होंने सरकार से फंसे हुए श्रद्धालुओं के लिए इमरजेंसी व्यवस्था करने को कहा. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जाम की स्थिति के संबंध में ‘एक्स’ पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ‘‘प्रयागराज महाकुंभ में फंसे करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए तुरंत आपातकालीन व्यवस्था की जाए. हर तरफ जाम में भूखे-प्यासे, बेहाल और थके तीर्थयात्रियों को मानवीय दृष्टि से देखा जाए. आम श्रद्धालु क्या इंसान नहीं हैं?’’