मजाक-मजाक में पोस्ट की गई एक रील इंफ्लुएंसर के लिए मुसीबत बन गई. इतनी बड़ी कि उन्हें शहर ही छोड़कर जाना पड़ा. इंफ्लुएंसर का नाम है वीरमणि. वे तमिलनाडु के मदुरै में रहते हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स है.
वीरमणि ने सोचा कि इतने सारे लोग है, तो एक वीडियो दिवाली की मिठाई मांगते हुए पोस्ट कर देते हैं. इस पोस्ट के बाद उन्हें मिठाई का डिब्बा तो मिला नहीं, लेकिन टीवी, फ्रिज मिल गया. वो भी कैश ऑन डिलीवरी (COD) पर. यानी ऑर्डर घर पहुंचने के बाद पैसा देना. इन सामानों की कीमत लाखों रुपये बताई गई. इंफ्लुएंसर का दावा है कि इतने COD ऑर्डर से परेशान होकर उन्हें शहर से बाहर जाना पड़ रहा है. दरअसल, वीरमणि ने मिठाई वाली पोस्ट के साथ अपने घर का पता और फोन नंबर दे दिया था, जिसे कई लोगों ने मजाक में ले लिया.
लोगों ने प्रैंक डिलीवरी के नाम पर टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन और दूसरे सामान उनके घर भिजवा दिए. एक टीवी की कीमत तो 1.69 लाख रुपये बताई गई.