होली के दिन की जुमे की नमाज होने से मुसलमानों को घर से नहीं निकलने की बातें करने वाले संभल के सीओ अनुज चौधरी को लेकर अब बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सरकार को घेरा है। मायावती ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि संभल की तरह अधिकारियों का गलत इस्तेमाल करना ठीक नहीं है। इनको कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मायावती की नसीहत ऐसे समय आई है जब खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीओ अनुज चौधरी का खुलकर पक्ष लिया है। अनुज चौधरी की बातों का समर्थन किया है।
मायावती से पहले समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, आजाद समाज पार्टी आदि ने अनुज चौधरी के बयान को लेकर सरकार को निशाने पर लिया था। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने तो यहां तक कह दिया कि सरकार बदलने पर अनुज चौधरी जेल में होंगे।