राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले विष्णु ने जब अपने साथ शादी में हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई, तब उसे भी नहीं पता था कि उसकी बीवी क्या चीज है? जांच के बाद ऐसे-ऐसे खुलासे हुए कि अब इसकी चर्चा सिर्फ राजस्थान में ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में होने लगी है.
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की मानटाउन थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में 23 वर्षीय अनुराधा पासवान को गिरफ्तार किया, जिसे ‘लुटेरी दुल्हन’ के नाम से जाना जा रहा है. अनुराधा ने सात महीनों में 25 पुरुषों से शादी कर लाखों रुपये की ठगी की. उसकी रिमांड पूरी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है लेकिन इस मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार से भी लोग अब पुलिस से संपर्क कर रहे हैं. उनका दावा है कि अनुराधा ने उन्हें भी ठगा है. हालांकि, उसकी गैंग का कोई भी सदस्य अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है, जिसके लिए छापेमारी तेज कर दी गई है.