बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के हाईजैक होने से पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है. बीएलए यानी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने शहबाज शरीफ से लेकर मुनीर की सेना तक को बड़ा दर्द दिया है. जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर बीएलए के हमले से पाकिस्तान में हाहाकार मचा हुआ है. बीएलए ने आम आवाम को तो छोड़ दिया, मगर पाकिस्तानी सेना के जवानों को मौत के घाट उतार दिया. बीएलए का दावा है कि उसने 214 सैन्य बंधकों का कत्ल कर दिया है. हालांकि, पाकिस्तान सरकार इन दावों की पुष्टि नहीं कर रही है. पाक सरकार का कहना है कि उसके 31 लोग ही मरे हैं, जिनमें 18 सेना के जवान हैं. हालांकि, पाकिस्तान ने ट्रेन अटैक को लेकर अफगानिस्तान सरकार को घेरा है. आरोप लगाया है कि इसमें अफगानिस्तान का हाथ है.
एशिया टाइम्स की खबर के मुताबिक, पाकिस्तान के इस आरोप के बाद अब हलचल बढ़ गई है. माना जा रहा है कि जाफर एक्सप्रेस पर बीएलए के हमले के लिए पाकिस्तान अब बदला लेने के मूड में है. अफगानिस्तान पर पाकिस्तान हमला कर सकता है. वह अपने देश के भीतर आक्रोश को देखते हुए यह कदम उठा सकता है. शहबाज शरीफ की सरकार जाफर एक्सप्रेस ट्रेन अटैक के गम को भुलाने के लिए अफगानिस्तान पर हमला करने पर विचार कर रही है. हालांकि, यह हमला कब होगा और कैसे होगा, इसकी डिटेल अब तक सामने नहीं आई है.