प्रियंका गांधी के साथ हुई बैठक में कांग्रेस ने 150 सीटों की सूची तैयार कर ली है. एक हफ्ते के अंदर स्ट्रेटजी कमेटी प्रियंका गांधी को दोबारा रिपोर्ट देगी. इस रिपोर्ट में हर सीट का सामाजिक समीकरण, भौगोलिक समीकरण, जातिगत समीकरण, महिला समीकरण, युवा समीकरण, परंपरागत रूप से सीट का इतिहास, जिताऊ उम्मीदवार का समीकरण शामिल होगा.
रिपोर्ट में भी बताया जाएगा कि कांग्रेस क्यों और कैसे सीट जीत सकती हैं. एक हफ्ते के बाद प्रियंका गांधी यूपी की पूरी टीम को लेकर राज्य सभी सांसदों के साथ भी बैठक करेंगी और उनका भी आकलन लिया जाएगा. प्रियंका गांधी का मकसद है कि जब बातचीत के टेबल पर समाजवादी पार्टी के साथ बैठा जाए तो कांग्रेस का 150 सीटों पर मजबूत तर्क हो.
कांग्रेस विधानसभा चुनावों को लेकर बहुत गंभीर है. पंजाब और उत्तराखंड के साथ यूपी उसकी रणनीति का हिस्सा है. जिसमें इस बार सपा के साथ कांग्रेस अपना ग्राफ बढ़ाने की पूरी कोशिश में है. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और इमरान मसूद समेत कई नेता सीटों के बंटवारे पर सम्मानजनक सीटों की बात कर रहे हैं. जिसमें कोई बराबर 200 सीट तो कोई 150 सीट की मांग का रहा. जबकि दोनों तरफ के शीर्ष नेतृत्व ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया.