रिहाना हैं दुनिया की सबसे अमीर महिला पॉप स्टार

कैरेबियाई पॉप स्टार रिहाना ने हाल में जामनगर में अपनी परफॉरमेंस से तहलका मचा दिया था। उन्हें भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए उन्होंने करीब 74 करोड़ रुपये चार्ज किए। रिहाना दुनिया की सबसे अमीर महिला पॉप स्टार हैं। लेकिन उनकी कमाई में बड़ा हिस्सा म्यूजिक से नहीं बल्कि बिजनस से आता है। ‘फेंटी ब्यूटी कॉस्मेटिक्स’ कंपनी में रिहाना की 50 फीसदी हिस्सेदारी है जबकि बाकी हिस्सा दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस बर्नार्ड अरनॉल्ट की कंपनी LVMH कंपनी के पास है। जानिए कितनी है उनकी नेटवर्थ.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 35 साल की रिहाना की नेटवर्थ करीब 1.4 अरब डॉलर यानी करीब 1,16,05 करोड़ रुपये है। कैरेबियाई देश बारबाडोस में जन्मी रिहाना इस समय दुनिया की सबसे अमीर पॉप स्टार हैं। साथ ही ओप्रा विन्‍फ्रे के बाद दुनिया की दूसरी सबसे अमीर महिला एंटरटेनर हैं। विन्फ्रे की नेटवर्थ 2.5 अरब डॉलर है। रिहाना महज 33 साल की उम्र में अरबपति बन गईं थीं। उनका असली नाम फेंटी है और इसी के नाम से उन्होंने ‘फेंटी ब्यूटी कॉस्मेटिक्स’ कंपनी बनाई है।
रिहाना ने साल 2017 में इस कंपनी को शुरू किया था और इतनी जल्दी कंपनी ने उन्हें एक नए मुकाम पर पहुंचा दिया। रिहाना की ब्यूटी कंपनी ‘फेंटी ब्यूटी कॉस्मेटिक्स’ अपने आप में कुछ अलग है। इसमें 50 तरह की स्किन टोन के लिए बहुत सारे प्रॉडक्ट्स हैं। इसमें बहुत से डार्क शेड भी हैं, जो 2017 में बहुत ही कम कंपनियों के पास थे, जब रिहाना की ये कंपनी लॉन्च हुई थी। इन सब की वजह से रिहाना की ये कंपनी देखते ही देखते लोगों के दिलो-दिमाग पर छा गई। रिहाना की लॉन्जरी कंपनी ‘सेवेज एक्‍स फेंटी कंपनी’ भी है।
रिहाना ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में की थी। उन्होंने अपने गानों से पॉप म्यूजिक इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया था। उनके कई गाने सुपर-डुपर हिट हुए। देखते ही देखते वह देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हो गईं। लगभग 10 साल बाद 2017 में रिहाना ने जो कंपनी खोली, उसने उन्हें खूब पैसे दिए। साथ ही उनकी म्यूजिक और फैशन से भी काफी कमाई होती है। इतना ही नहीं रिहाना ने कई कंपनियों की ब्रांड एंबेसेडर भी है और उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है। 2015 में उन्होंने अपने वर्ल्ड टूर में सैमसंग को प्रमोट करने के लिए 25 मिलियन डॉलर लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *