सरकारी सेवाओं का लाभ देने के लिए लोगों के दरवाजों तक पहुंच रही पंजाब सरकार : बलकार सिंह

करतारपुर/जालंधर, पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने आज कहा कि पंजाब सरकार लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके दरवाजों तक पहुंचा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने ‘आप दी सरकार, आप दे द्वार’ पहल के तहत गांव फिरोज, खानके और खेहरा मझ्झा में लगाए गए विशेष कैंपों में लोगों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवेदकों की समस्या का निपटारा करने के दौरान सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कैंपों में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की इस विशेष पहल के तहत विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी गांवों और दूर के इलाकों तक पहुंच रहे है और लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने सरकार की इस पहल का लाभ उठाया है।
इस मौके पर मंत्री ने कैंप में पहुंचे लोगों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर अधिकारियों को समस्याओं का उचित समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार एक ऐसी सरकार है, जिसने प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें 600 यूनिट मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस, सरकारी नौकरियां, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा शामिल है। इसके अलावा सरकार ने 1076 हेल्पलाइन भी शुरू किया है, जिससे लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
स्थानीय निकाय मंत्री ने लोगों से इन कैंपों में प्रदान की जाने वाली सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की भी अपील की।इन कैंपों द्वारा लोग जन्म सर्टीफिकेट, आय सर्टीफिकेट, स्कालरशिप, रिहायश सर्टीफिकेट, जाति सर्टीफिकेट, बुढापा पेंशन, बिलों का भुगतान, राजस्व विभाग संबंधी रिकार्ड की वैरीफीकेशन, विवाह रजिस्ट्रेशन, मृत्यु सर्टीफिकेट की एक से अधिक कापियां , दस्तावेजों की तस्दीकशुदा कापियां, ग्रामीण क्षेत्र सर्टीफिकेट,फर्द बनाना, जनरल जाति सर्टीफिकेट, शगुन योजना, जमीन की निशानदेही, एन.आर.आई के सर्टीफिकेट के काउंटर हस्ताक्षर, पुलिस क्लीयरेंस सर्टीफिकेट के काउंटर हस्ताक्षर, मृत्यु सर्टीफिकेट में बदलाव की सेवाओं का लाभ ले सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *