जालंधर, (संजय शर्मा)- जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने आज एसएसपी एमएस भुल्लर को एसएसपी कार्यालय में बुजुर्गों के लिए वेटिंग एरिया स्थापित करने के लिए 2.70 लाख रूपये की राशि सौंपी है। ये राशि यहां बुजुर्गों के लिए कुर्सियां इत्यादि लगाने में खर्च की जाएगी।
विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यहां पर बुजुर्गों के लिए सीटिंग एरिया की जरूरत महसूस हो रही थी जिसे देखते हुए उन्होंने यह राशि एसएसपी कार्यालय को सौंपी है ताकि जल्द से जल्द बुजुर्गों की सिटिंग का अरेंजमेंट किया जा सके। चेयरमैन ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार राज्य के सभी वर्गों की बेहतरी व भलाई के लिए वचनबद्ध है जिसके लिए सरकार द्वारा अनेकों प्रयास किए जा रहे हैं। चेयरमैन अमृतपाल सिंह ने आगे कहा कि योजना बोर्ड की तरफ से भी लगातार विकास कार्यों व समाज की भलाई के लिए फंड्स जारी किए जा रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने हाल ही में ‘आप दी सरकार, आप दे द्वार’ नामक प्रोग्राम शुरू किया है जिसके तहत लोगों को जरूरी सेवाएं उनके घर के नजदीकी ही मुहैया करवाई जा रही है। इस मौके पर एसपी सरबजीत राय व लोकसभा इंचार्ज अश्वनी अग्रवाल मौजूद थे।