हरियाणा के गुरुग्राम के एक होटल में मॉडल दिव्या पाहुजा (Divya Pahuja Murder Case) की हत्या मामले में हर पल नया खुलासा हो रहा है. पहले CCTV फुटेज से पता चला कि कैसे दिव्या की हत्या के आरोपियों ने उसकी लाश को ठिकाने लगाया. फिर इस मर्डर का लिंक 2016 में हुए एक गैंगस्टर के एनकाउंटर से जुड़ा. और अब गिरफ्तार किये गए आरोपियों ने पुलिस को बयान दिया है. जिसके बाद ब्लैकमेलिंग का एंगल भी सामने आ गया है. कुल मिलाकर इस हत्या की कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है. इस केस में अब तक क्या अपडेट है?
इंडिया टुडे से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक दिव्या पाहुजा का शव बरामद नहीं हुआ है. गुरुग्राम पुलिस लगातार शव की तलाश कर रही है. पुलिस ने हत्या के इस मामले में आरोपी होटल मालिक समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अभिजीत, हेमराज और ओम प्रकाश से लगातार पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर पुलिस की टीम पंजाब पहुंची है. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि शव को पंजाब में ठिकाने लगाया गया है.
आशंका के अनुसार, शव को घग्गर नदी में फेंका गया है. जिस BMW कार से शव को गायब किया गया था, पुलिस उस कार की भी तलाश कर रही है. जिस रास्ते पर आरोपी BMW कार से लाश को लेकर गए थे, पुलिस उस रास्ते के CCTV को खंगाल रही है.