NEw DELHI : दिल्ली के कथित शराब घोटाले के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। खबर यह है कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट कोर्ट में दायर की है और उसमें कथित रूप से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के नाम का जिक्र है। आप राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस पूरे मामले पर सफाई दी है। चड्ढा ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से दायर एक शिकायत में मुझे एक आरोपी के रूप में नामित किया गया, इस तरह की न्यूज/रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। उन्होंने कहा कि यह मेरी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने के लिए दुर्भावनापूर्ण प्रचार का हिस्सा लग रहा है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा दायर की गई किसी भी शिकायत में मुझे आरोपी या संदिग्ध के रूप में नामित नहीं किया गया है। उक्त शिकायतों में मुझ पर किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है कि शिकायत में मेरा नाम किसी बैठक में उपस्थित व्यक्ति के रूप में उल्लिखित है, हालांकि इस तरह के आरोप लगाने का आधार स्पष्ट नहीं है। आप सांसद ने कहा कि मैं उक्त बैठक के संबंध में या अन्यथा किसी भी तरीके से किसी भी कथित अपराध के किए जाने का जोरदार और स्पष्ट रूप से खंडन करता हूं।
दूसरी तरफ मीडिया रिपोर्ट में कथित रूप से दावा किया जा रहा है कि सिसोदिया के सचिव ने राघव चड्ढा का नाम लिया है। इस चार्जशीट के हवाले से कहा जा रहा है कि सिसोदिया के घर पर हुई बैठक में AAP सांसद राघव चड्ढा भी मौजूद थे।