म्यांमार की सेना ने मंगलवार को भारत से लगी सीमा पर विद्रोही कैंप पर बम बरसाए. म्यांमार की सेना की एयरस्ट्राइक से मिजोरम के गांवों में डर और भय का माहौल रहा. इन सबके बीच भारतीय सेना के सूत्रों ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि म्यांमार सेना की कार्रवाई के दौरान दो बम भारत की सीमा में भी गिरे थे.
दरअसल, ब्रिटिश मीडिया ने चश्मदीद के हवाले से दावा किया था कि म्यांमार की सेना ने विद्रोही कैंप पर एयरस्ट्राइक की थी. इस दौरान दो बम भारत की सीमा में भी गिरे थे. हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई. हालांकि, इन खबरों को खारिज करते हुए भारतीय सेना के सूत्रों ने कहा कि भारतीय सीमा में कोई ऑपरेशन या एक्शन नहीं हुआ.
ब्रिटिश मीडिया द गार्जियन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि म्यांमार की सेना ने चिन राज्य में कैंप विक्टोरिया पर बमबारी की थी. एक विद्रोही कमांडर ने भी इसकी पुष्टि की. रिपोर्ट में भारतीय राज्य मिजोरम के फरकावन गांव में दो स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया था कि दो बम भारत की सीमा में गिरे हैं, लेकिन इनमें कोई जख्मी नहीं हुआ. इतना ही नहीं म्यांमार की सेना की अन्य जगहों पर कार्रवाई से बांग्लादेश और थाईलैंड में भी तनाव की स्थिति रही.