दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. इस भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया.
फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. दमकल विभाग के मुताबिक, आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी और धीरे-धीरे पूरी इमारत में फैल गई. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. वहीं, एक शख्स गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.