सैलून में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले ‘फैन भगत सिंह दा’ उर्फ मुनीश राजपूत अभी तक गिरफ्तारी नहीं

जालंधर, खिंगरा गेट पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने पर एक व्यक्ति पर हमला करने और सैलून में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले ‘फैन भगत सिंह दा’ उर्फ मुनीश राजपूत व उसके साथियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 15 मई को आरोपियों के खिलाफ थाना-3 की पुलिस ने केस दर्ज किया था। रुद्र सेना संगठन ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी है।

14 मई को मुनीश राजपूत, अमित राजपूत और उसके 15-20 साथियों ने मोहित अरोड़ा निवासी किला मोहल्ला पर हमला किया था। मोहित तब मुनीश के खिलाफ थाना-3 में शिकायत दर्ज करवा कर वापस घर की तरफ लौट रहे थे। दरअसल मुनीश ने उसी दिन मोहित अरोड़ा के बेटे और उन्हें गालियां निकाली थी। जैसे ही मुनीश को पता लगा तो उसने खिंगरा गेट पर मोहित को अपने साथियों समेत घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। मोहित खुद को बचाने के लिए एक सैलून में घुसे तो हमलावरों ने सैलून में घुसकर तोड़फोड़ की और फिर से मोहित पर हमला किया। इस दौरान किसी ने मोहित के गले से सोने की चेन भी उतार ली थी। सारी घटना सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई थी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो थाना-3 की पुलिस ने मुनीश राजपूत, अमित राजपूत व अज्ञात हमलावरों खिलाफ अलग अलग धाराओं के अधीन केस तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। रुद्र सेना संगठन के मोहित शर्मा ने कहा कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे थाने के बाहर धरना लगाने के लिए मजबूर होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *