जालंधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुशील रिंकू की पत्नी डॉ. सुनीता रिंकू ने महिलाओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश में महिलाओं की आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिसके चलते आज देश की महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार की तरफ से अब लखपत्नी दीदी योजना शुरू की गई है, जिसके तहत महिलाओं को एक से पांच लाख रुपए तक देने का वायदा किया गया है। इस योजना का लाभ अब तक 1 करोड़ से ज्यादा महिलाएं ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इन पैसों से कई महिलाओं ने अपनी जिंदगी आसान बनाने के लिए कई कदम उठाये हैं।
डॉ. सुनीता रिंकू ने कहा कि इसके अलावा आजीविका मिशन और उज्जवला योजना के तहत दस करोड़ से ज्यादा महिलाओं को देशभर में मुफ्त रसोई गैस सिलैंडर और चूल्हे मुहैया करवाये गये हैं। इसी तरह गांवों में घरों में मुफ्त शौचालय बनवाकर महिलाओं के मान-सम्मान में बढ़ोतरी की है। इसके पहले बड़ी तादाद में महिलाओं को शौच इत्यादि के लिए घर से बाहर जाना पड़ता था। इस तरह के कदम उठाकर महिलाओं को समाज में पुरुषों के बराबर स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं के उत्थान व विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार की तरफ से और भी ढेरों कदम उठाए जाएंगे। इसलिए उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी व देश की तरक्की के लिए भाजपा को वोट दें।