जालंधर, (संजय शर्मा)-कांग्रेसी प्रत्याशी चरणजीत सिंह चन्नी की द्वारा एक समारोह के दौरान तिलक लगवाने से मना करने की वीडियो वायरल होने पर कटाक्ष करते हुए भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि चन्नी ने ऐसा करके समूचे हिंदू समाज की आस्था का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि चन्नी को हिंदू समाज का दिल दुखाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे गुरुओं, पीरों ने शुरू से ही सर्वधर्म सम्मान की बात की है और सभी धर्मों का सम्मान बनाए रखा है। मगर चन्नी जैसे नेता वोटों की खातिर समाज में नफरत और भेदभाव के बीज बोते हैं। उन्होंने कहा कि अपने इस कृत्य से चन्नी ने समाज को दो धड़ों में बांटने की कोशिश की है लेकिन जालंधर के लोग ऐसा नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों के बीच आपसी प्यार व सद्भावना को ऐसे कृत्य कभी नुकसान नहीं पहुंचा सकते लेकिन लोगों की आस्था और उनकी भावनाओं की ठेस पहुंचाना चन्नी को आगामी चुनाव में महंगा पड़ने वाला है। रिंकू ने कहा कि देशभर के करोड़ों हिंदूओं की आस्था व भावनाओं को इस वीडियो को देखने के बाद ठेस पहुंची है। इसलिए चन्नी को अपनी गलती सुधारते हुए हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कट्टरता और नफरत की राजनीति करने वालों की हमेशा से ही हार होती आई है और यहां सबको साथ लेकर चलने वालों और सबका सम्मान करने वालों को ही सच्ची जीत मिली है। उन्होंने लोगों को आगामी चुनाव में चन्नी का बायकाट करने की अपील की।