कई बार लोग अपने परिजन की मौत को स्वीकार नहीं कर पाते. लेकिन ये भी सच है कि मर चुके इंसान का जिंदा होना तो नामुमकिन बात है. ऐसे में कई बार किसी की मौत की खबर बुजुर्ग परिजनों को इसलिए नहीं दी जाती क्योंकि कमजोर शरीर के लिए इतना बड़ा झटका तबियत बिगड़ने का और मौत का कारण भी बन सकता है.चीन के Liaoning के सुन नाम के एक शख्स ने इसी तरह अपने पिता की मौत का सच उनकी मां यानी अपनी दादी से छुपाए रखा था. सुन के पिता की 6 महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी. सुन की 91 साल की दादी को दिल की गंभीर समस्या थी और सुन को डर था कि बेटे की मौत की खबर उनके लिए बहुत दुखद हो सकती है. तो उन्होंने उसे बताया था कि उसका बेटा बीमार है और बीजिंग के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है, और उसकी हालत के कारण उसे वहीं रहना होगा.सुन ने कहा कि जब उनकी दादी बेटे देखने की जिद करने लगीं तो उन्हें अपने पिता को “पुनर्जीवित” करने के लिए एआई टेकनीक का उपयोग करना पड़ा. उसने दादी को बताया उसके पिता को अस्पताल में मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है, इसलिए वह बीजिंग से उसका एक वीडियो रिकॉर्ड करके लाया है.