लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन के अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खरगे का नाम तय कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक INDIA गठबंधन की शनिवार (13 जनवरी) को हुई वर्चुअल बैठक में कांग्रेस नेता को संयोजक बनाने का प्रस्ताव लाया गया था. इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन का संयोजक बनने से इनकार कर दिया था.
लोकसभा चुनाव में बीजेपी के मुकाबले के लिए इंडिया गठबंधन के दलों के बीच हुई इस वर्चुअल बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, एनसीपी चीफ शरद पवार, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता सीताराम येचुरी, तमिलनाडु के सीएम और डीएमके चीफ स्टालिन समेत 14 दलों के नेता शामिल हुए.
सूत्रों के मुताबिक बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, सपा नेता अखिलेश यादव और शिवसेना (उद्धव गुट) चीफ उद्धव ठाकरे शामिल नहीं हुए. बैठक में शामिल न होने पर ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें बैठक में शामिल होने की सूचना देर से मिली. इसलिए वह इसमें भाग नहीं ले सकीं.
यह बैठक सीट शेयरिंग और गठबंधन का संयोजक चुनने जैसे मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी. बैठक में नीतीश कुमार को संयोजक बनने से इनकार कर दिया.