जालंधर, बाढ़ प्रभावित गांवों की पंचायतों ने प्राकृतिक आपदा के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए उनके गांवों में पशुपालन विभाग द्वारा प्रदान की जा रही मैडिकल सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने बताया कि पशुपालन विभाग ने बाढ़ के तुरंत बाद अपनी सेवाएं प्रदान करना शुरू कर दिया था और यह सुनिश्चित किया गया था कि पशु डॉक्टरों की टीमों द्वारा सभी पशुओं का टीकाकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि 20 से अधिक टीमों ने प्रभावित गांवों का दौरा करना शुरू कर दिया है ताकि पशुओं को मैडिकल सुविधाएं प्रदान की जा सकें जबकि अन्य टीमें पशुओं के लिए चारा खरीद रही है। पशुओं को बाढ़ के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए डिप्टी कमिश्नर ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि कोई भी पशु बिना टीकाकरण के नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर नजर रख रही है और बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पशुओं के लिए चारे और सुविधाओं की कोई कमी नहीं है और विभाग बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुओं के इलाज के संबंध में दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहा है।