पटना में बारिश; उमस व गर्मी से मिली राहत

पटना, बिहार के मौसम का मिजाज बुधवार का अचानक बदल गया। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। पटना में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है, जिस कारण उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। बता दें कि पटना में पिछले तीन दिन से लगातार अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही थी, जिस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा था। लेकिन अचानक बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही हवा चलने के कारण लोगों ने राहत महसूस की। बता दें कि सूबे के 11 जिलों से सोमवार को मॉनसून विदा हो गया। इन जिलों में रक्सौल, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, आरा, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण और अरवल शामिल हैं। मौसमविदों के मुताबिक अगले एक दो दिनों में इसे राज्य के अन्य जिलों से भी विदा लेने के आसार हैं। हालांकि, पूरी तरह मॉनसून की विदाई में 12 अक्टूबर तक का समय लग सकता है। मध्य बिहार में इसके अभी एक दो दिन टिक रहने के आसार हैं। इस बीच राज्य भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक उतार चढ़ाव की स्थिति रहेगी।

मौसमविदों का अनुमान है कि इस बार सूबे में ठंड सामान्य से कम पड़ेगी। अल नीनो के वैश्विक प्रभावों का असर बिहार के शीतकालीन मौसम पर भी पड़ेगा। हालांकि शीत दिवस की संख्या में बढ़ोतरी के आसार हैं। यानी ठंड के दिन कम होंगे लेकिन जिस दिन न्यूनतम तापमान नीचे गिरेगा वह मानक से ज्यादा कम होगा। इसका असर जिलों में दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *