MELBOURNE : क्या आपने कभी धरती ने नीचे गांव के बारे में सुना है। आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे हो सकता है, लेकिन ये बात बिल्कुल सच है। जमीन के अंदर बसा हुआ गांव ऑस्ट्रेलिया में है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के इस गांव का नाम कूबर पेडी है। जिसे दुनिया का अनोखा गांव कहा जा सकता है। यहां की करीब 70 फीसदी आबादी अंडरग्राउंड रहती है। इनके घर या दफ्तर इतने शानदार है कि एक बार तो आपको यकीन ही नहीं होगा कि ये सब जमीन से सैकड़ों फिट नीचे की बसावट है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमीन के अंदर बने ये घर बाहर से देखने में, तो काफी साधारण दिखते हैं, लेकिन अंदर में सुख-सुविधा की सारी चीजें मौजूद हैं। यहां के लोगों ने अपने घर और ऑफिस के साथ अपने बिजनेस आउटलेट्स भी इसी अंडरग्राउंड विलेज में बना रखे हैं।
इस गांव में अंडरग्राउंड चर्च, सिनेमाघर, म्यूजियम, आर्ट गैलरीज, एक बार और होटल भी मौजूद हैं। कूबर पेडी में माइनिंग का काम साल 1915 में शुरू हुआ था। दरअसल, यह एक रेगिस्तानी इलाका है, इस वजह से यहां पर गर्मियों में तापमान बहुत ज्यादा और सर्दियों में बहुत कम हो जाता है। ऐसे में यहाँ रहने वालों ने इस समस्या से निजात पाने के लिए माइनिंग के बाद खाली बची खदानों में रहना शुरू कर दिया। इस कस्बे में करीब 1500 घर हैं, जिनमें 3500 से ज्यादा लोग रहते हैं।