जेएनयू छात्र संघ चुनाव 2024 में करीब पांच हजार वोटों की गिनती हो चुकी है. फिलहाल लेफ्ट तीन पदों पर आगे दिख रही है. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में चार साल बाद हुए छात्र संघ चुनाव (Student Union Election) में शुक्रवार को 73 फीसदी वोटिंग हुई थी, जो 12 वर्षों में सबसे ज्यादा है. चार साल के अंतराल के बाद वोटिंग हुई और 7,700 से ज्यादा रजिस्टर्ड मतदाताओं ने सीक्रेट वोटिंग के जरिये अपना वोट डाला.
इस बार वोटिंग के दौरान ढफली की थाप के साथ ‘जय भीम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘लाल सलाम’ के नारे के साथ माहौल गर्म हो गया था. 19 उम्मीदवार जेएनयूएसयू केंद्रीय पैनल में पदों के लिए और 42 स्कूल काउंसलर्स के लिए मैदान में हैं, जिनमें से आठ दावेदार प्रेसिडेंट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. केंद्रीय पैनल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और महासचिव शामिल हैं.