पंजाब में ड्रग्स माफिया फिर से हावी हो गए हैं। नशा बेचने को रोके जाने पर जालंधर में एक नंबरदार का कत्ल कर दिया गया। जिससे गुस्साए लोगों ने रोड जमा कर दिया। धरने में जालंधर कैंट हलके के विधायक परगट सिंह भी पहुंचे। परगट ने कहा कि सूबे की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक जालंधर में पुलिस थाना सदर के तहत आते गांव लखनपाल में नशा तस्करों ने गांव के नंबरदार राम गोपाल शर्मा की हत्या कर दी। लोगों के मुताबिक लखनपाल गांव का नंबरदार राम गोपाल शर्मा नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम छेड़े हुए थे। उसे तस्कर धमकियां दे रहे थे लेकिन वह पीछे नहीं हटा तो उन्होंने उसका कत्ल करवा दिया।
राम गोपाला के परिवार वालों ने बताया कि गांव में कुछ लोग नशे का व्यापार करते है और राम गोपाल नशे के खिलाफ था। इस कारण पहले भी राम गोपाल को मारने की धमकियां मिलीं थीं। एक गाड़ी में सवार होकर तीन लोग आए और आते ही तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। रामगोपाल को बुरी तरह से लहूलुहान करके फरार हो गए।