किश्तवाड़ जिले में बुधवार दोपहर गोलीबारी की आवाज सुनाई देने के बाद दो स्पेशल पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए थे. वे मरवाह इलाके के देहरना जंगल में गए थे. गुरुवार (12 नवंबर) को तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव दाचन के जंगल में मिले. उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे. दोनों की हत्या की गई है.
दोनों पुलिसकर्मियों को अगवा कर उनकी हत्या करने वाले आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. सुरक्षा बल जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे हैं. इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों के शव उस जगह से करीब 2 किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे. दोनों को कई गोलियां मारी गई थीं. उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं. आशंका है कि हत्या के बाद हमलावर उनके हथियार अपने साथ ले गए.
दोनों SPO की पहचान 45 साल के ऋषिपाल सिंह और 57 साल के बॉबी चंद के रूप में हुई है. दोनों इंदरवान इलाके के ऊपरी हिस्से में देहरना से बसनान जा रहे थे. वे कियार दाचन से निकले थे. इसी दौरान इलाके में गोलीबारी की खबर मिली. इसके बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम और थाना प्रभारी मौके की ओर रवाना हुए.