ऐक्ट्रेस निकिता से दिल्ली में लूटपाट , बोलीं- डर था कि कहीं मेरा RAPE न कर दें

NEW DELHI : ऐक्ट्रेस निकिता रावल के साथ दिल्ली में एक खौफनाक घटना घटी। दिल्ली के शास्त्री नगर में कुछ लुटेरों ने बंदूक की नोंक पर निकिता से लगभग 7 लाख रुपये लूट लिए। निकिता से लूटपाट करने वाले लोग नकाब पहने हुए थे और उन्होंने निकिता को अचानक अगवा कर लिया था। यह घटना निकिता की आंटी के घर पर हुई जहां वह ठहरी हुई थीं। इस घटना के बाद निकिता पहली फ्लाइट से दिल्ली से मुंबई के लिए निकल गईं। निकिता ने बताया, ‘वह लगभग रात 10 बजे का टाइम रहा होगा। मैं अपनी आंटी के घर की तरफ जा रही थी तभी एक इनोवा कार तेज रफ्तार से आई और मुझे रोक लिया। इसके बाद 4 मास्क पहने हुए लोग बाहर आए और उन्होंने मुझे बंदूक दिखाते हुए मेरा सारा सामान मांगा। इस घटना के बारे में बात करते हुए मुझे अभी भी डर लग रहा है।’ निकिता ने बताया कि लुटेरों ने उनसे अंगूठी, घड़ी, कानों की बाली, डायमंड पेंडेंट और कैश लूट लिया। इस पूरे सामान की कीमत लगभग 7 लाख रुपये थी।
निकिता ने आगे बताया, ‘उस समय मैं सोच रही थी कि ये लोग मुझे मार देंगे। उससे भी ज्यादा डर इस बात का था कि लूटपाट करने के बाद कहीं वे मेरा रेप न कर दें। मैं शब्दों में नहीं बता सकती कि उन 10 मिनटों में मैं किस स्थिति से गुजरी। मैं इसके बाद घर पर पहुंची और दरवाजा लॉक कर लिया। फिर में अगली ही सुबह पहली फ्लाइट से मुंबई आ गई क्योंकि मैं वहां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही थी।’
निकिता ने कहा कि वह अभी काफी परेशान हैं और न तो ठीक से खा पा रही हैं और न सो पा रही हैं। निकिता ने कहा कि वह अभी भी इस सदमे से नहीं निकल पाई हैं और उन्हें भरोसा नहीं हो रहा है कि वह जिंदा बच गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *