नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi assembly elections) में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद अब अटकले तेज हो गयी है कि पंजाब में पार्टी के कुछ विधायक नाराज हैं. कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने हाल में दावा किया था कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के 30 से अधिक विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं और पाला बदल सकते हैं. बाजवा ने कहा था कि इन विधायकों को एहसास हो गया है कि आप के साथ रहना लंबे समय में राजनीतिक रूप से फायदेमंद नहीं हो सकता है. इस बीच सीएम मान ने पलटवार करते हुए कहा है कि पाला बदलना कांग्रेस की संस्कृति है; वे दूसरों के बारे में बात करते हैं लेकिन अपनी चिंता नहीं करते. मैं प्रताप सिंह बाजवा से पूछूंगा कि दिल्ली में उनके कितने विधायक हैं.
पंजाब इकाई में असंतोष की अफवाहों के बीच पार्टी आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक की. बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में विधायकों के काम के लिए उनका धन्यवाद किया. पंजाब सरकार लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है.आज भी दिल्ली के लोग कहते हैं कि उन्होंने पिछले 75 सालों में ऐसा काम नहीं देखा, जैसा आप ने पिछले 10 सालों में किया है. हम दिल्ली के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे. हम मिलकर काम करेंगे. हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है. आज की बैठक में फैसला हुआ कि आने वाले दो सालों में हम पंजाब को एक ऐसा मॉडल बनाएंगे, जिसे पूरा देश देखेगा. पंजाब हमेशा सभी लड़ाइयों में सबसे आगे रहा है.