पति को काला कहकर बुलाती गोरी पत्नी, महंगी-महंगी चीजों की डिमांड करती, किचकिच से परेशान सास एसपी के पास पहुंची

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक परिवार ने जनसुनवाई में ऐसी आपबीती सुनाई, जिसे सुन हर कोई सन्न रह गया. परिवार अपनी बहू की प्रताड़ना से तंग आकर मदद की गुहार लगाने पहुंचा था. परिवार का आरोप है कि बहू अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है. वह उसके साथ मारपीट करती है. बहू अपने पति से कहती है कि वह काला है और वह गोरी है, इसलिए वह उसके साथ नहीं रहेगी. बहू ने घर का बंटवारा कर दिया. वह पति से महंगी-महंगी चीजों की डिमांड करती है. पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर जांच की बात कही है. मिली जानकारी के अनुसार, मामला ग्वालियर के गौसपुरा का है. यहां रहने वाले एक परिवार ने दो साल पहले अपने बेटे की शादी कराई थी. कुछ दिनों तक तो सब ठीक था लेकिन उसके बाद बहू का व्यवहार बदलने लगा.

बहू की हरकतों से परेशान सास मंगलवार को जनसुनवाई में अपने बेटे और बड़ी बहू के साथ पहुंची. सास ने बहू के खिलाफ शिकायती आवेदन देते हुए कार्रवाई की मांग की. इतना ही नहीं सास ने कहा कि बहू अब खाना-पीना भी नहीं देती. सास ने आरोप लगाते हुए कहा कि छोटी बहू ने पूरे परिवार का जीना मुहाल कर दिया है. वह बेटे के साथ मारपीट करती है. शादी के बाद जब घर पर रोज झगड़ा होने लगा, तो उन्होंने बेटे और बहू के अलग रहने की व्यवस्था कर दी. रसोई भी अलग कर दी. बहू तब भी नहीं मानी. अब वह न तो अपने पति को खाना देती है और न ही उसे नौकरी पर जाने देती है. वहीं वह पति से बड़ा घर, एसी, आईफोन, आरो प्यूरिफायर जैसी महंगी चीजें मांगती है. बहू अपने पति से कहती है कि वह काला है और वह गोरी है, इसलिए उसके साथ नहीं रहना चाहती. सास ने यह भी आरोप लगाया कि बहू उनके परिवार को फर्जी केस में फंसाने की धमकी देती है.

उन्हें फंसाने के लिए वह एक बार फांसी लगाने का प्रयास भी कर चुकी है. जब उन्होंने बहू के घरवालों से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने भी सही से बात नहीं की और उन्हें झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे डाली. बहू कहती है कि वह ऐसे ही व्यवहार करेगी और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा. बहू की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने किला गेट पुलिस थाने में शिकायत की थी और अब वे न्याय की आस में जनसुनवाई में आए हैं. सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने इस बारे में कहा कि गौसपुरा से एक शिकायती आवेदन मिला है. फरियादी महिला ने अपनी बहू द्वारा परिवार को परेशान करने की शिकायत की है. शिकायत ले ली गई है और मामले की जांच की जा रही है. पीड़िता ने जो बातें कही हैं, उनकी तस्दीक की जा रही है. संबंधित थाने से भी जांच कराई जाएगी. इसके बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *