प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर से श्रद्धालु स्नान करने आ रहे हैं। ऐसे में अगर आप कार से महाकुंभ जाने की सोच रहे हैं तो बड़ा सवाल ये खड़ा होता है कि कार की पार्किंग कहां पर होगी। आइये हम आज आपको महाकुंभ में आने वाले वाहनों की पार्किंग के बारे में विस्तार से बताते हैं। यहां हम यह भी बता दें कि कार पार्किंग के लिए प्रयागराज में विभिन्न जगहों पर व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ जाने वालों के लिए कार पार्किंग
- यदि आप दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम से वाया कानपुर महाकुंभ जा रहे हैं तो आपके लिए नेहरू पार्क और एयरफोर्स मैदान पार्किंग में कार पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
- यदि आप दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम से वाया लखनऊ महाकुंभ जा रहे हैं तो आपके लिए बेली कछार और बेली कछार 2 में कार पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
- यदि आप बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल से वाया वाराणसी महाकुंभ क्षेत्र में जा रहे हैं तो शिवपुर उस्तापुर पार्किंग, पटेल बाग, कान्हा मोटर्स पार्किंग में वाहनों की पार्किंग कर सकते हैं।
- यदि आप पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, मऊ और आजमगढ़ जैसे जिलों से वाया जौनपुर रोड महाकुंभ क्षेत्र में जा रहे हैं तो चीनी मिल पार्किंग झुंसी और पुरेसुरदास पार्किंग गारापुर रोड पर वाहनों को पार्क कर सकते हैं।
- प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र में शिव कुटी और अन्य शहरी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु अपट्रान चौराहा होते हुए नागेश्वर पार्किंग में कार की पार्किंग कर सकते हैं।
- महाकुंभ क्षेत्र में शहरी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु करनैलगंज इण्टर कालेज और मुस्लिम हास्टल ग्राउण्ड में अपने वाहन पार्क कर सकते हैं। इसके अलावा हासिमपुर बक्शी बांध होते हुए बघाडा पार्किंग आईआरटी पार्किंग में भी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।