अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि ‘ईरान को एक ही रात में ख़त्म किया जा सकता है’. ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उनकी दी गई डेडलाइन से पहले अमेरिका से डील करने में नाकाम रहता है तो वो कल (मंगलवार) की रात भी हो सकती है.
ट्रंप की डील के मुताबिक़ ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना होगा, जहां से दुनिया भर की तेल सप्लाई का 20 फ़ीसदी हिस्सा ट्रांसपोर्ट होता है. ट्रंप की दी गई ये डेडलाइन मंगलवार को वॉशिंगटन डीसी समयानुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे) ख़त्म हो रही है.
व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि ईरान के मौजूदा नेता ‘अच्छी नीयत’ से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन नतीजा अब भी अनिश्चित बना हुआ है. इस बीच, ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्तावों को ख़ारिज कर दिया है. इसके बजाय उसने संघर्ष को स्थायी रूप से ख़त्म करने और प्रतिबंध हटाने की मांग की है.