अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ रैंडी जॉर्ज से अपने पद से इस्तीफ़ा देने को कहा है. पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि जॉर्ज “अमेरिकी सेना के 41वें चीफ़ ऑफ स्टाफ के पद से तत्काल प्रभाव से रिटायर हो रहे हैं.” आर्मी चीफ़ का कार्यकाल आमतौर पर चार साल का होता है.
रैंडी जॉर्ज ने वेस्ट पॉइंट मिलिट्री एकेडमी से पढ़ाई की है. उन्हें 2023 में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस पद के लिए चुना था.यह ताज़ा फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि ईरान के साथ अमेरिका-इसराइल युद्ध ‘बहुत जल्द’ ख़त्म होने की उम्मीद है. जॉर्ज ने पहले खाड़ी युद्ध, और बाद में इराक और अफ़ग़ानिस्तान के हालिया संघर्षों में एक इन्फैंट्री अधिकारी के तौर पर सेवा दी थी.हालांकि, उनसे पद छोड़ने के लिए क्यों कहा गया, यह अभी साफ़ नहीं है.
सीबीएस से बातचीत में रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “हम उनकी सेवाओं के लिए आभारी हैं, लेकिन अब सेना में नेतृत्व परिवर्तन का समय आ गया था.”