श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी फिल्मों से ज्यादा अपने लिंकअप की वजह से चर्चा में रहती हैं। उनका नाम सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली पटौदी से जोड़ा जाता है। दोनों कई बार साथ दिख चुके हैं और ट्रिप पर भी जा चुके हैं। अब पलक की मां श्वेता तिवारी इस पर बोली हैं। उनका कहना है कि ऐसी खबरों पर ध्यान दें तो पलक हर तीसरे लड़के को डेट कर रही है। श्वेता ने कहा कि वह इन सब बातों पर ध्यान नहीं देतीं।
श्वेता तिवारी इंडियन एक्सप्रेस स्क्रीन से बात कर रही थीं। उनसे पलक की डेटिंग की खबरों के बारे में पूछा गया। श्वेता बोलीं, ‘रूमर्स मुझे जरा भी परेशान नहीं करती हैं। इतने सालों में मुझे यह समझ आया कि लोगों की यादाश्त सिर्फ 4 घंटे तक काम करती है। इसके बाद वे खबर भूल जाते हैं। तो परेशान क्यों होना? अफवाहों की मानें तो मेरी बेटी हर तीसरे बंदे को डेट कर रही है। हर साल मेरी शादी हो रही है। इंटरनेट के मुताबिक, मेरी शादी तीन बार हो चुकी है। इन सब चीजों से मुझे अब फर्क नहीं पड़ता। पहले जब सोशल मीडिया नहीं था तब फर्क पड़ता था। कुछ जर्नलिस्ट आपके बारे में कभी अच्छा नहीं लिखते। एक्टर्स के बारे में नेगेटििटी बिकती है। उस एरा से डील करने के बाद इन सबका मुझ पर फर्क नहीं पड़ता।’